Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

सीनी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार मैजिक ट्रक से टकराई; चालक समेत तीन गंभीर

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के सीनी मोड़ के समीप रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चेक पोस्ट के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसके पीछे एक बाइक लगी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही मैजिक ने पहले बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मैजिक के क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर चालक को बाहर निकाला।

इस दुर्घटना में मैजिक चालक सरफुद्दीन अंसारी, उसकी तीन वर्षीय बेटी हनीफा नाज और बाइक सवार नवीन गोराई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक और बाइक सवार की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं मासूम बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार सरफुद्दीन अंसारी मुड़िया का निवासी है और अपनी बेटी के साथ सीनी मोड़ की ओर जा रहा था। दूसरी ओर बाइक सवार नवीन गोराई सीनी का रहने वाला है और आदित्यपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Related Post