Breaking
Tue. Apr 14th, 2026

बैसाखी पर्व पर अकाली दल ने किया अमृत संचार, 39 लोग बने गुरु के सच्चे खालसा

जमशेदपुर।खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के पावन अवसर पर अकाली दल जमशेदपुर द्वारा गुरुद्वारा साहिब, रिफ्यूजी कॉलोनी में अमृत संचार समारोह आयोजित किया गया जहाँ 39 सिख श्रद्धालुओं ने अमृत छककर खालसा सजे।

मंगलवार को अमृत संचार समारोह में पंज प्यारे के रूप में शामिल जत्थेदार भाई सुखदेव सिंह खालसा, भाई रविंदर सिंह, भाई गुरदीप सिंह, भाई हरजीत सिंह एवं भाई रविंदर पाल सिंह सभी 39 अभिलाषी सिख श्रद्धालुओं को खंडे-बाटे की पाहुल छकाकर अमृतधारी बनाया।

इनके अलावा, चरनजीत सिंह ग्रंथी सिंह की भूमिका में थे जबकि प्रीतपाल सिंह तथा अमृतपाल सिंह ने सहयोगी सेवादार के रूप में सेवा की।

अकाली दल के भाई रविंदर पाल सिंह ने बैसाखी पर्व के बारे में कहा कि बैसाखी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि खालसा पंथ की नींव का दिन है। दसम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने इस दिन पाँच प्यारों के माध्यम से सिखों को अमृत छकाकर एक ऐसे पंथ की स्थापना की जो अन्याय के खिलाफ लड़ता है, समानता का प्रचार करता है। आज 39 नए सिख भाई-बहनों ने अमृत छककर इस महान परंपरा को आगे बढ़ाया है। हम सबको चाहिए कि हम खालसा की उस शक्ति और आस्था को अपने जीवन में उतारें, ताकि हम सदा गुरु के रास्ते पर चल सकें।

अमृतपान करने के बाद नए अमृतधारी सिखों को शुभकामनाएं और बधाई दीं। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन ने सभी सेवादारों और संगत का आभार व्यक्त किया।

Related Post