जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बामनी गांव के पास हुए इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठनठनी घाटी क्षेत्र में संचालित अवैध पत्थर खदान से पत्थर (चेली) लादकर एक ट्रैक्टर तेज गति से बामनी की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ हालत में वहीं तड़पते रहे।
घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि उसने ट्रैक्टर को बामनी गांव स्थित एक स्कूल के पीछे खेत में छिपा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। सूचना मिलते ही पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में एक की पहचान पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालती गांव निवासी चुनू सिंह सरदार के 20 वर्षीय पुत्र सुमित सिंह सरदार के रूप में हुई है। सुमित अपने एक मित्र के साथ बुरूडीह स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था और उसी दौरान यह हादसा हो गया। दूसरे युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि ठनठनी घाटी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा है, जहां से बिना किसी नियंत्रण के तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का आवागमन होता है। इन वाहनों पर न तो कोई नियंत्रण है और न ही सुरक्षा के कोई मानक अपनाए जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और छिपाए गए ट्रैक्टर को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

