रांची : राजधानी रांची में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक लोडेड पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग की स्कॉर्पियो जब्त की गई है।
बताया जाता है कि 13 अप्रैल की रात रांची के एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी काले रंग की स्कॉर्पियो से हथियार लेकर खलारी से मैक्लुस्कीगंज की ओर जा रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस को अलर्ट कर वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम ने एसआई डेगन कुमार के नेतृत्व में चिनाटांड के पास चेकिंग शुरू की। देर रात करीब एक बजे एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। वाहन में दो युवक सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम रूष्तम अंसारी उर्फ सोनू और मो. जैद अंसारी उर्फ अरमान अंसारी बताया। दोनों खलारी थाना क्षेत्र के जेहलीटांड के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस को रूष्तम अंसारी के कमर से 7.65 एमएम का एक लोडेड पिस्टल मिला, जिसकी मैगजीन में दो जिंदा गोलियां थीं। इसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करते हैं और उस दिन बालूमाथ में एक शादी समारोह में हथियार लेकर जा रहे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों को भी पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

