Breaking
Fri. Oct 9th, 2026

छायानगर में टेंट गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित छायानगर में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नंदन टेंट डेकोरेटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और एहतियातन इलाके को सुरक्षित कर दिया गया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखे टेंट, सजावटी कपड़े, लाइटिंग सामग्री और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इससे व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल दमकल और पुलिस विभाग की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

टाटा फायर सर्विस के किशोर कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए एक गाड़ी पानी और एक गाड़ी फोम का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा झारखंड फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और फायरमैनों ने मिलकर आग पर काबू पाने में अहम भूमिका निभाई।

Related Post