जमशेदपुर।आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त सहयोग से आनंद मार्ग दृष्टि सेवा महा अभियान के अंतर्गत 20 मोतियाबिंद रोगियों का सफलतापूर्वक फेको सर्जरी कर निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया गया। सभी मरीज झारखंड के विभिन्न जिलों से आए थे, जिनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है। रविवार को सर्जरी के बाद मरीजों को दवा एवं चश्मा प्रदान कर सम्मानपूर्वक उनका स्वागत किया गया।
आनंद मार्ग द्वारा आयुष्मान भारत योजना एवं डीबीसीएस (राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम) के सहयोग से पिछले कई वर्षों से निरंतर दृष्टि सेवा महा अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं बुजुर्ग वर्ग को निःशुल्क नेत्र उपचार उपलब्ध कराना है। इस अभियान के माध्यम से अब तक सैकड़ों जरूरतमंद मरीजों की आंखों की रोशनी लौटाई जा चुकी है।
इसी कड़ी में आनंद मार्ग द्वारा आगामी 1 जनवरी, बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आनंद मार्ग जागृति, गदरा शिव मंदिर के पास आंखों की बीमारियों की जांच के लिए एक विशेष नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में मोतियाबिंद, दृष्टिदोष एवं अन्य नेत्र रोगों की जांच की जाएगी तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजनकर्ताओं ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।

