Breaking
Wed. Apr 15th, 2026

खालसा प्रीमियर लीग: सिख युवाओं को मिलेगा क्रिकेट में हुनर दिखाने का मंच

जमशेदपुर: सिख युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची (जीपीसीएस) का स्पोर्ट्स विंग 17 से 19 अप्रैल तक तीन दिवसीय ‘फटाफट’ टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) का आयोजन करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता कोऑपरेटिव कॉलेज मैदान में आयोजित होगी।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के क्रम में साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य सिख युवाओं को मोबाइल और आभासी दुनिया से निकालकर खेल के मैदान से जोड़ना है, ताकि वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर स्पोर्ट्स विंग के सदस्य बलजीत संसोआ, सतबीर सिंह गोल्डू, अजायब सिंह, सतनाम सिंह घुम्मन, त्रिलोचन सिंह तोची, जितेंद्र सिंह राजा और मनोहर सिंह भी उपस्थित थे।

आयोजन समिति के निदेशक निशान सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को भी सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार राशि की घोषणा बाद में की जाएगी।

तकनीकी निदेशक बलजीत संसोआ के अनुसार, टूर्नामेंट में न्यूनतम 8 और अधिकतम 12 टीमों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर शामिल किया जाएगा। अब तक चार टीमों ने अपनी प्रविष्टि सुनिश्चित कर ली है।

आयोजकों ने बताया कि यह लीग सिखों के प्रमुख पर्व बैसाखी को समर्पित है। हालांकि इस वर्ष समयाभाव के कारण आयोजन तिथियों में बदलाव हुआ है, लेकिन अगले वर्ष इसे बैसाखी के साथ ही आयोजित करने की योजना है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों का सिख होना अनिवार्य है। गैर-सिख और केश कटे हुए सिख खिलाड़ियों को इसमें शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।

इच्छुक टीमें साकची गुरुद्वारा कार्यालय से प्रविष्टि पत्र प्राप्त कर सकती हैं या मोबाइल नंबर 9934123704 पर संपर्क कर अधिक जानकारी ले सकते हैं।

Related Post