Breaking
Tue. May 19th, 2026

सरायकेला-खरसावां जिले का चौका थाना देश में चौथे पायदान पर, झारखंड में बना नंबर एक

सरायकेला। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी वर्ष 2025 की “पुलिस थानों की रैंकिंग” वार्षिक रिपोर्ट में सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान हासिल कर जिले और झारखंड राज्य को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ ही चौका थाना को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है, जिसे कानून-व्यवस्था और जनसेवा के क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गृह मंत्रालय की ओर से हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जाता है, जिसके आधार पर यह रैंकिंग जारी की जाती है। सर्वेक्षण के दौरान अपराध और अपराधियों की जानकारी रखने वाली राष्ट्रीय प्रणाली, अपराध नियंत्रण की स्थिति, महिलाओं और कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों पर कार्रवाई, मामलों के निष्पादन और आरोप पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया, थाना परिसर का बुनियादी ढांचा, आम नागरिकों की प्रतिक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल संसाधनों का उपयोग, फॉरेंसिक सुविधाएं, पुलिस संचार व्यवस्था तथा आमजन के साथ पुलिस के व्यवहार जैसे अनेक मानकों पर गहन मूल्यांकन किया जाता है।

इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौका थाना ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, बल्कि झारखंड राज्य में सर्वश्रेष्ठ थाना होने का गौरव भी हासिल किया है। इस सफलता को पुलिस प्रशासन की मेहनत, अनुशासन और जनहित के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है, जिससे जिले में पुलिसिंग की सकारात्मक छवि और अधिक मजबूत हुई है।

Related Post