Breaking
Tue. May 19th, 2026

खलारी में सनसनीखेज वारदात, प्रेमिका को गोली मारने के बाद युवक ने की आत्महत्या

रांची। राजधानी रांची के खलारी इलाके से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सनकी प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर घर जाकर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे खलारी स्थित केडीएच ग्राउंड के पास युवक ने अपनी प्रेमिका को रास्ते में रोका। दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। बातचीत के दौरान ही युवक ने अचानक युवती पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवती गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवती को गोली मारने के बाद युवक ने एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना को अंजाम देने के बाद युवक मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। प्रेम संबंध, घटना के पीछे की वजह और वीडियो से जुड़ी सच्चाई का पता लगाया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात से खलारी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Post