Breaking
Sat. May 16th, 2026

लातेहार में टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, घुटाम खदान से 720 टन अवैध कोयला जब्त

लातेहार :* डीसी उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने बालूमाथ थाना क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसडीओ अजय रजक के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में घुटाम पंचायत के 12 नंबर खदान के पास से लगभग 720 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयला बालूमाथ थाना को सौंप दिया गया है। टीम को मौके पर बड़े पैमाने पर कोयला उत्खनन के निशान मिले, जहां गहरे गड्ढे बनाकर कोयला निकाला जा रहा था। टास्क फोर्स ने हरैयाखांड में भी छापेमारी की, लेकिन वहां कुछ बरामद नहीं हुआ।

एसडीओ अजय रजक ने बताया कि डीसी को गुप्त सूचना मिली थी कि घुटाम क्षेत्र में अवैध उत्खनन चल रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम गठित कर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि कोयला कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और पहचान होने पर सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही जिस भूमि पर अवैध उत्खनन हुआ है, उसके मालिक की पहचान के निर्देश भी दिए गए हैं। छापेमारी दल में बालूमाथ और हेरहंज के सीओ, खान निरीक्षक पद्मलोचन पोद्दार सहित बालूमाथ थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

डीएमओ नदीम शफी ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी तरह का अवैध खनन या खनिजों का परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले 17 मार्च 2025 को भी इसी स्थान पर अवैध कोयला उत्खनन का मामला सामने आया था, जिसमें कई लोगों के खिलाफ बालूमाथ थाना कांड संख्या 26/25 दर्ज किया गया था।

Related Post