Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

बागबेड़ा में खड़ी कार में असामाजिक तत्वों ने लगाई आग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गोसांई टोला में शनिवार की रात असामाजिक तत्वों ने एक खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया। यह घटना रात करीब 9:30 बजे की है, जब स्थानीय निवासी नितेश कुमार श्रीवास्तव के घर के सामने खड़ी कार में अचानक आग लग गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

नितेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वे आइएसआई सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे एक राहगीर ने कार में उठती लपटें देखकर घर का दरवाजा खटखटाया और परिवार को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया।

नितेश ने बताया कि इससे पहले भी उनकी कार का शीशा तोड़ दिया गया था। अब आगजनी की इस घटना से पूरा परिवार सहमा हुआ है। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या शरारती तत्वों की हरकत से जुड़ा माना जा रहा है।

Related Post