Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

ओझा-गुनी के आरोप में वृद्ध की पिटाई, हजारीबाग रेफर, एक हिरासत में

चतरा : सदर थाना क्षेत्र के रक्सी चेड़ीखाप गांव में एक वृद्ध को ओझा-गुनी का आरोप लगाकर बुरी तरह मारपीट करने का मामला सामने आया है. इस घटना में घायल वृद्ध उमेश राय को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया. इस संबंध में पीड़ित के पुत्र अरविंद कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है. जिसमें गांव के ही सीताराम राय, गौतम कुमार राय, उत्तम कुमार राय व मध्यम कुमार राय शामिल हैं. अरविंद ने बताया कि उक्त लोग गाली-गलौज करते हुए घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे. इस दौरान उनके पिता के कान को धारदार हथियार से काट दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में स्वयं अरविंद कुमार भी घायल हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उत्तम कुमार राय को हिरासत में लेकर थाना लायी, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

Related Post