Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

काशी विश्वनाथ की गंगा आरती की तर्ज पर सजा सिदगोड़ा का दुर्गा पूजा पंडाल, रघुवर दास ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर। सिदगोड़ा में बुधवार रात न्यू सिदगोड़ा दुर्गा पूजा एवं काली पूजा कमेटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने फीता काटकर किया। इस वर्ष पंडाल को काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी के गंगा घाटों पर होने वाली दिव्य गंगा आरती की तर्ज पर तैयार किया गया है। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को समर्पित यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना है। पंडाल की परिकल्पना के माध्यम से मां गंगा की महिमा, धार्मिक विरासत और भारतीय आध्यात्मिक चेतना को स्थानीय स्तर पर साकार करने का प्रयास किया गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि सिदगोड़ा का यह पूजा पंडाल हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक है। काशी विश्वनाथ की नगरी में होने वाली गंगा आरती भारतीय धार्मिक आस्था की विशिष्ट पहचान है। इस तरह की धार्मिक परिकल्पना को जमशेदपुर में साकार करना संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास, मंदिरों के आसपास कॉरिडोर का निर्माण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रतिष्ठित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने भी इन प्रयासों से प्रेरणा लेकर इस वर्ष श्रद्धालुओं को काशी की धार्मिक अनुभूति कराने का प्रयास किया है।

पूजा कमेटी के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि न्यू सिदगोड़ा दुर्गा पूजा का आयोजन वर्ष 1953 से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में ऐसे गरीब और सामान्य परिवार हैं, जिनके लिए वाराणसी जाकर काशी विश्वनाथ के दर्शन करना और मां गंगा की भव्य आरती में शामिल होना आसान नहीं है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पंडाल में बनारस के घाटों और गंगा आरती का स्वरूप तैयार कराया गया है, ताकि स्थानीय श्रद्धालु अपने शहर में ही मां गंगा के दर्शन और आरती की आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर सकें। उनका उद्देश्य है कि धर्म और आस्था का यह उत्सव समाज के हर वर्ग के लोगों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ सके।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने का भी अवसर है। मां दुर्गा की आराधना बुराई पर अच्छाई की विजय, शक्ति, साहस और धर्म की स्थापना का संदेश देती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का अवसर मिलता है।

उद्घाटन समारोह में टाटा मोटर्स यूनियन के नेता आरके सिंह, राकेश्वर पांडेय, कल्याणी शरण, रामबालक सिंह, रामबाबू तिवारी, अखिलेश चौधरी, शैलेश पांडेय, आईपी सिंह, विकास सिंह, भूपेंद्र सिंह, गायत्री दास, प्रभा दास, शंभूनाथ सिंह, पूर्व सांसद सुमन महतो और समाजसेवी शिवशंकर सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post