Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

जमशेदपुर में अपराध की साजिश नाकाम, सीतारामडेरा पुलिस ने चार बदमाशों को हथियारों के साथ दबोचा

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने रविवार देर रात कल्याण नगर के स्वर्ण रेखा नदी किनारे अपराध की योजना बना रहे चार बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग का पैड मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले का खुलासा सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।

सिटी एसपी ने बताया कि रविवार की रात करीब 11 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कल्याण नगर स्थित नदी किनारे कुछ युवक हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर वन भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तत्काल छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन चार को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कल्याण नगर ह्यूम पाइप एरिया निवासी किशन गगराई (19), मंगल गगराई (21), करन मुंडारी उर्फ झंटू (25) और अभय नामता (23) के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि ये सभी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

छापेमारी टीम में थाना प्रभारी निरंजन कुमार, एसआई सूरज प्रसाद, अक्षय कुमार, राजेश कुमार, एएसआई महेन्द्र सिंह और लालमणि प्रसाद प्रजापति सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे और उनके अन्य साथियों की संलिप्तता क्या थी।

Related Post