Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

अनियंत्रित बाइक हादसे में एक युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला में शुक्रवार देर शाम तांतनगर प्रखंड अंतर्गत केरिया सिंदरी गांव के पास एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एम. गागरई (निवासी – बाईहातु, कुमारडुंगी प्रखंड) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गजेंद्र सिंकु (निवासी – आंगरडीहा, तांतनगर प्रखंड) गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी केरिया सिंदरी गांव के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। गिरने के साथ ही एम. गागरई के सिर में गहरी चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल गजेंद्र सिंकु को तांतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चाईबासा रेफर कर दिया। चाईबासा सदर अस्पताल में भी प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही तांतनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।एम. गागरई के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Related Post