Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान रांची पहुंचे, कल लेंगे शपथ

रांची। झारखंड हाई कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस तरलोक सिंह चौहान मंगलवार को अपने पूरे परिवार के साथ रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर मुख्य सचिव अलका तिवारी, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा समेत हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने अगवानी की।

एयरपोर्ट से नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान रेडिसन ब्लू होटल पहुंचे, जहां उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। वे यहीं ठहरे हैं। जस्टिस तरलोक सिंह चौहान बुधवार को झारखंड हाई कोर्ट के 17वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल संतोष गंगवार उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में सुबह 10 बजे आयोजित होगा।

गौरतलब है कि फिलहाल झारखंड हाई कोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पूर्व मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव के त्रिपुरा तबादले के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी।

Related Post