Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने का आरोपी सुपौल से गिरफ्तार

सिमडेगा। सिमडेगा थाना क्षेत्र की करीब 25 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर कथित रूप से यौन शोषण करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को बिहार के सुपौल जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के बसुआरी निवासी ललित कुमार यादव (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 मार्च 2026 को सिमडेगा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ललित कुमार यादव ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए। मामले में अन्य आरोपियों पर पीड़िता के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया था।

शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना में कांड संख्या 43/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

अनुसंधान के दौरान पुलिस को आरोपी के सुपौल जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सुपौल थाना क्षेत्र के सरोजा कोनी वार्ड संख्या 12 स्थित उसके वर्तमान ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Related Post