गढ़वा। भवनाथपुर थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में करमू होटल के समीप रविवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के चटनियां गांव निवासी उपेंद्र यादव, पिता बैजनाथ यादव के रूप में हुई है।
दुर्घटना में घायल भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बूका टोला अमोला निवासी पप्पू चंद्रवंशी के पुत्र अलख चंद्रवंशी की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल विकास पासवान, पिता शंकर पासवान का इलाज भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। चिकित्सक डॉ. रविशंकर वर्मा और डॉ. प्रभात कुमार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भवनाथपुर थाना प्रभारी अरुण रवानी और एएसआई उदय यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इधर, भवनाथपुर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार और ग्रामीण इलाकों में कई वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं और हेलमेट समेत अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। शराब के नशे में वाहन चलाने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने तथा हेलमेट और गति सीमा के पालन को लेकर सख्ती बरतने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि दुर्घटना की स्थिति में समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए केवल दुर्घटना के बाद कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित निगरानी और यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार अभियान चलाना जरूरी है।

