जमशेदपुर। मानगो थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित पानी टंकी के पास छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 71 पुड़िया में रखा 10.46 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और 200 रुपये नकद बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान जवाहर नगर रोड नंबर 9 निवासी 19 वर्षीय समशाद खान के रूप में हुई है।
मानगो थाना के पु०नि० सह थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 3 अक्टूबर को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित पानी टंकी के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ इलाके में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार रात करीब 8.20 बजे पानी टंकी के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समशाद खान बताया। इसके बाद राजपत्रित पदाधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके मैरून रंग के कुर्ते की दाहिनी जेब से हरे कागज में लिपटी 71 पुड़िया बरामद हुईं। इनमें ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ था, जिसका पुड़िया समेत कुल वजन 10.46 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता है। पुलिस अब उसके साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। समशाद के खिलाफ मानगो थाना में वर्ष 2022 में हत्या, अपहरण, लूट और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

