Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

रांची से खंूटी पहुंच रही नशीली दवाओं की खेप पकड़ी गई, जमशेदपुर का युवक गिरफ्तार

खूंटी। खूंटी पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से रांची की ओर से खूंटी आ रहा है और उसके पास अवैध रूप से बिक्री के लिए नशीली दवाओं की खेप है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तजना होटल के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में संदिग्ध नशीली दवाएं बरामद की गईं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल कुद्दुस के रूप में हुई है, जो पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित आजादनगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ONEREX सिरप की 100 एमएल की 120 बोतल, Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10) की 140 गोलियां और Alprazolam Tab (OHMS ALPHA 0.5) की 895 गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस थाना खूंटी कांड संख्या 17/26, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(c), 22(b), 22(c), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Post