चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में घंटी आधारित शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह दुर्घटना निश्चितपुर स्कूल के समीप हुई, जहां तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने सड़क पर जा रही शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका फुटेज अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।
घायल शिक्षिका की पहचान निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय बंदना महतो के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह एसएस प्लस-2 हाई स्कूल, सोनुआ में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शिक्षिका के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है, ताकि दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

