आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-16 स्थित दासपाड़ा के राधा-कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर से भगवान राधा-कृष्ण की अष्टधातु की बहुमूल्य मूर्तियां और पूजा-अर्चना में उपयोग होने वाले कई सामान चुराकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह रोज की तरह मंदिर का ताला खोला गया। बाहर से मंदिर पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन जब पुजारी पूजा करने के लिए गर्भगृह में पहुंचे तो भगवान राधा-कृष्ण की मूर्तियां अपने स्थान पर नहीं थीं। इसके बाद मंदिर परिसर की जांच करने पर पता चला कि करीब 10 इंच ऊंची अष्टधातु की दोनों मूर्तियों के अलावा पूजा की थाली, लोटा, घंटा और अन्य पूजन सामग्री भी गायब है।
स्थानीय निवासी ललित दास ने बताया कि चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन चोरी गई मूर्तियों और अन्य सामान का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मंदिर समिति ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इधर, घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियों और अन्य सामान की बरामदगी की मांग की है।

