Breaking
Sun. Jun 28th, 2026

परसुडीह में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके पक्ष ने जताया संदेह, पोस्टमार्टम से परिजनों का इंकार

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगझरी फाटक के समीप शनिवार देर रात एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान देव कुमार शर्मा की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सोनी देवी का विवाह वर्ष 2013 में हुआ था। उनके परिवार में पति के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं, लेकिन परिवार के सदस्य इस संबंध में अधिक जानकारी देने से बचते रहे।

इधर, मृतका के भाई बबलू कुमार शर्मा, जो सोपोडेरा के रहने वाले हैं, ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उनके बहनोई का फोन आया और बहन द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी गई। उन्होंने दावा किया कि उनकी बहन का किसी तरह का कोई इलाज नहीं चल रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में सामान्य घरेलू विवाद होते रहते थे, लेकिन आत्महत्या की वजह क्या रही, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पूरे मामले को संदेहास्पद बताते हुए उन्होंने निष्पक्ष पुलिस जांच की मांग की है।

मामले में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने और मायके पक्ष द्वारा घटना पर संदेह जताए जाने के कारण यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।

Related Post