चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना क्षेत्र में सक्रिय अफीम तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक चारपहिया वाहन से करीब 7 किलोग्राम अफीम, 7 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। इस कार्रवाई में हजारीबाग जिले के रहने वाले राहुल कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़े तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है और उसके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि बंदगांव थाना क्षेत्र से होकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप दूसरे जिले या राज्य में पहुंचाई जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर बंदगांव थाना पुलिस ने मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 7 किलोग्राम अफीम, 7 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन और एक कार बरामद हुआ। मौके पर मौजूद वाहन चालक राहुल कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप किस क्षेत्र से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में कितने लोग शामिल हैं। मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बंदगांव थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस मामले में आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है, वहीं पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाल के दिनों में नशे के खिलाफ हुई यह सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।

