जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, ज्वालकाटा में छात्राओं और विद्यालय कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 195 छात्राओं के साथ-साथ 11 शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 11 बजे हुआ। स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा टीम ने किया। शिविर का नेतृत्व आउटरीच विभाग के प्रमुख एवं चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. महेश्वर प्रसाद तथा सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव ने किया। वहीं डॉ. प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों और मेडिकल कॉलेज के अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने जांच कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय की वार्डन सह प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुरुबारी मार्डी, शिक्षकों एवं बाल संसद के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में छात्राओं की आंख, त्वचा, दांत, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, सर्दी-जुकाम तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यक दवाइयां भी चिकित्सा टीम की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर मणिपाल फाउंडेशन द्वारा विद्यालय की 350 छात्राओं के बीच नि:शुल्क री-यूजेबल सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य जांच से वंचित रह गई छात्राओं की जांच आगामी दिनों में दूसरे चरण के शिविर के माध्यम से की जाएगी।
कार्यक्रम में वार्डन सह प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुरुबारी मार्डी, शिक्षिका कल्याणी पात्र, कनकलता पातर, श्रावंती महतो, नम्रता कुमारी तथा शिक्षक भास्कर महतो, प्रणव मार्दीना, चैतन चंद्र किस्कू, बाबूलाल माहली और गोपीनाथ हांसदा सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, कर्मचारी, चिकित्सक दल और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

