Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

प्रेमिका से नाराज युवक ने वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। प्रेमिका से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिरसानगर रोड नंबर-3 निवासी 33 वर्षीय सावन कर्मकार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन कर्मकार का बिरसानगर रोड नंबर-4 में रहने वाली एक महिला के साथ प्रेम संबंध था। दोनों पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं। बताया जाता है कि सावन अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था और इसी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहा था। युवक अपनी प्रेमिका पर परिवार छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था, जबकि महिला इसके लिए तैयार नहीं थी।

बुधवार देर रात दोनों के बीच एक बार फिर शादी को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि बहस के बाद सावन ने अपनी प्रेमिका को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान वह काफी नाराज और भावुक था। इसी दौरान उसने कथित रूप से प्रेमिका के सामने ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से घबराई महिला तुरंत उसके घर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए मर्सी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

मृतक के परिजनों ने इस मामले में कई सवाल उठाए हैं और युवक की प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेमिका से विवाद और वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। संबंधित महिला से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल फोन व वीडियो कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

Related Post