चाईबासा: झारखंड आंदोलन के महानायक, झारखंड राज्य के निर्माता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन को पद्म श्री सम्मान दिए जाने की घोषणा पर झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
बुधराम लागुरी ने कहा कि शिबू सोरेन को मिला यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की जनता, आदिवासी-मूलवासी समाज और राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले लाखों लोगों के संघर्ष और योगदान का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासियों के अधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में चले लंबे आंदोलन के परिणामस्वरूप झारखंड राज्य का गठन संभव हुआ।
बुधराम लागुरी ने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष, दूरदर्शिता और जनसेवा की भावना उन्हें देश के प्रमुख जन नेताओं में स्थान दिलाती है। पद्म श्री सम्मान उनके लंबे सामाजिक और राजनीतिक योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज को हमेशा मजबूती से उठाया।
बुधराम लागुरी ने उम्मीद जताई कि आगे भी झारखंड आंदोलन के अन्य सेनानियों और राज्य निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को उचित सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पद्म श्री सम्मान मिलने से पूरे झारखंड में खुशी और गौरव का माहौल है तथा झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

