जमशेदपुर: सोनारी स्थित राजस्थान भवन में श्री महासर माता परिवार, जमशेदपुर (कोल्हान) द्वारा महासर माता का 46वां मासिक कीर्तन उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के यजमान अर्चना अग्रवाल एवं दिलीप अग्रवाल रहे। महासर से आए संजय गुरुजी के सानिध्य में पंडित रामजी पारिक ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
स्थानीय भजन गायकों महावीर अग्रवाल, मुस्कान शुक्ला, जुगल शर्मा एवं निर्मल कुमार ने भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया। महावीर अग्रवाल ने गणेश वंदना के साथ भजन संध्या की शुरुआत की। लगभग चार घंटे तक चले भजन कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे और भजनों पर झूमते नजर आए।
आयोजकों ने इस अवसर पर जानकारी दी कि महासर माता का पांचवां वार्षिक महोत्सव 20 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम महासर के पुजारी संजय गुरुजी के सानिध्य में संपन्न होगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गजानंद भालोटिया, दीपक भालोटिया, राजेश पसारी, टोनी भालोटिया, संजय भालोटिया, प्रदीप मित्तल, अमित खेड़िया, गोविंद अग्रवाल, गणेश भालोटिया, अनंत मोहनका, लखन अग्रवाल, नंदलाल अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं का योगदान रहा।

