रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से बीयर ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 48 कैन बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7,200 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को सीआईबी रांची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षक एस. करमाकर के पर्यवेक्षण में सीआईबी रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची की टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर फुट ओवर ब्रिज के हटिया छोर के समीप एक संदिग्ध युवक को ट्रॉली बैग के साथ बैठे देखा।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान 26 वर्षीय निर्भय कुमार के रूप में बताई। वह बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। संदेह के आधार पर जब उसके समुद्री हरे रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 48 कैन बीयर बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बीयर कांके रोड स्थित सीआईपी क्षेत्र की एक शराब दुकान से खरीदी थी। उसका उद्देश्य बीयर को बिहार शरीफ ले जाकर अधिक कीमत पर बेचकर लाभ कमाना था।
बरामद बीयर को विधिवत जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को 23 जून 2026 को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।
इस कार्रवाई में सीआईबी रांची के निरीक्षक लाल बहादुर और एस. करमाकर के अलावा स्टाफ सदस्य एस. कुशवाहा, के.एम.ए. सिंह, सी.के. सिंह तथा आरपीएफ पोस्ट रांची के उप निरीक्षक एस.के. सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

