Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

हथियार बरामदगी के दौरान पीएलएफआई उग्रवादी और पुलिस में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल

खूंटी: जिले में रविवार सुबह पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई। कर्रा-जरियागढ़ सीमा क्षेत्र के जंगल में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पीएलएफआई उग्रवादी श्रवण दास को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में फायरिंग, वाहनों में आगजनी तथा ठेकेदारों से लेवी वसूली की घटनाओं में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने श्रवण दास को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने जरियागढ़ क्षेत्र में हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस की एक टीम उसे हथियारों की बरामदगी के लिए रविवार सुबह जंगल क्षेत्र में लेकर गई थी।

पुलिस के मुताबिक, बरामदगी अभियान के दौरान श्रवण दास ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और जंगल की ओर भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें श्रवण दास के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन हथियार भी बरामद किए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Post