Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

सिंहभूम चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट का किया भ्रमण कौशल विकास एवं उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण को और सशक्त बनाने पर दिया जोर*

सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संचालित टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट का भ्रमण कर वहां छात्रों को विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक विकसित किए जाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस अवसर पर चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि कुछ दिन पूर्व टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट के प्रबंधन द्वारा चैम्बर प्रतिनिधिमंडल को संस्थान के भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया था। आमंत्रण के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान का दौरा किया और पाया कि यहां छात्रों को अत्यंत आधुनिक एवं व्यवस्थित तरीके से इलेक्ट्रिकल पैनलिंग, सीएनसी मशीन प्रशिक्षण, रोबोटिक्स सहित कई तकनीकी क्षेत्रों में दक्ष बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल तकनीशियन के रूप में तैयार किया जाता है।

अध्यक्ष ने कहा कि यदि इस प्रकार के अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना जमशेदपुर के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलों में भी की जाए तो उद्योगों को प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सिंहभूम चैम्बर भविष्य में टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट के सहयोगी के रूप में कार्य करने के लिए इच्छुक है, ताकि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके तथा प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

संस्थान के प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को देश-विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया कि संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर सिंहभूम चैम्बर को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे औद्योगिक संस्थान अपनी आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षित विद्यार्थियों का चयन कर सकें।

भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मानव केडिया के साथ मानद महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया, मनोज गोयल, आकाश मोदी, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, रोहित केडिया, सुनील बागरोदिया, राजीव अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, पंकज जी सहित टाटा स्टील फाउंडेशन के हेड – स्किल डेवलपमेंट कैप्टन अमिताभ, लीड – डिसएबिलिटी कुमार गौरव एवं मैनेजर – स्किल डेवलपमेंट शिप्रा पाल सिंह उपस्थित थे।

Related Post