जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री माननीय सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ जी को पत्र लिखकर जुगसलाई स्थित ऐतिहासिक नया बाजार हाट मैदान को “अर्बन हाट” के रूप में विकसित करने की मांग की है।
अपने पत्र में श्री मोदी ने कहा है कि नया बाजार हाट मैदान वर्षों से जुगसलाई क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। इस मैदान में प्रतिवर्ष पारंपरिक रूप से होलिका दहन एवं दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन होता है। साथ ही यहां नियमित रूप से साप्ताहिक हाट भी लगती है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में कृषक एवं छोटे व्यापारी आकर अपने कृषि उत्पाद एवं अन्य वस्तुओं का विक्रय कर आजीविका अर्जित करते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि बदलते समय के साथ इस ऐतिहासिक मैदान के मूल स्वरूप एवं सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखते हुए इसके आधुनिकीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया है कि जिस स्थान पर परंपरागत रूप से होलिका दहन एवं दुर्गा पूजा का आयोजन होता है, उस हिस्से को यथावत सुरक्षित रखा जाए तथा शेष क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त “अर्बन हाट” के रूप में विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अर्बन हाट के निर्माण से स्थानीय कृषकों, छोटे व्यापारियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, नागरिकों को व्यवस्थित बाजार उपलब्ध होगा तथा ऐतिहासिक हाट मैदान को एक नया एवं आकर्षक स्वरूप प्राप्त होगा। इससे जुगसलाई क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
श्री मोदी ने बताया कि इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त तथा जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी प्रेषित की गई है, ताकि प्रस्ताव पर शीघ्र विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
श्री मोदी ने मंत्री महोदय से जनहित में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए नया बाजार हाट मैदान को अर्बन हाट के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

