Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

स्वर्णरेखा नदी में डूबने से 19 वर्षीय सलमान की मौत, दोस्तों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित कम्हरगोड़ा ईंट भट्टा के पास स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर-14 निवासी शेख सलमान हुसैन के रूप में हुई है।

मृतक के दोस्त तौकीर ने बताया कि 20 जून, शनिवार को दोपहर करीब 3 बजे वह, शेख सलमान और अफराज समेत कई दोस्त स्वर्णरेखा नदी में नहाने पहुंचे थे। वहां पहले से भी उनके कई साथी मौजूद थे।

इसी दौरान सलमान ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन कुछ ही देर में वह गहरे पानी में डूबने लगा। तौकीर ने बताया कि उसने सलमान को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव उसे भी अपनी ओर खींचने लगा, जिसके कारण उसे अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।

इसके बाद तौकीर और अफराज तुरंत कपाली ओपी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मछुआरों की मदद से सलमान को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। तौकीर के मुताबिक, सलमान और उसके कई दोस्तों को तैरना भी नहीं आता था। ऐसे में आखिर इतना बड़ा जोखिम क्यों उठाया गया? और अगर किसी को तैरना आता भी हो, तब भी नदी, डैम या गहरे जलाशयों में उतरना कभी सुरक्षित नहीं माना जाता।

आज सिर्फ एक युवक की मौत नहीं हुई, बल्कि किसी मां ने अपना बेटा, किसी भाई ने अपना भाई और किसी दोस्त ने अपना साथी खो दिया। इसलिए थोड़े से रोमांच या लापरवाही के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। आपकी सुरक्षा आपके अपने हाथ में है।

फिलहाल कपाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post