Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन की तैयारी पूरी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक पुलिस अधीक्षक चक्रधरपुर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के प्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक मौजूद रहे। बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बताया गया कि 21 जून 2026 को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर नीट (यूजी)-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की जा रही है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि नीट देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है। इसलिए परीक्षा आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की जांच करने और तय मानकों के अनुसार तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की जाए। परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

बैठक में अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग रोका जा सके।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रश्नपत्रों के रख-रखाव, सुरक्षित परिवहन और परीक्षा के बाद गोपनीय सामग्री की वापसी तक सभी प्रक्रियाओं का पूरी सावधानी से पालन किया जाए।

इसके अलावा शहर के होटल, लॉज, धर्मशाला और अन्य आवासीय स्थानों की जांच करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास, बिजली व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में परीक्षा से दो दिन पहले सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल और तैयारियों का अंतिम परीक्षण करने को कहा गया। साथ ही अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए केंद्रों के बाहर पेयजल, छाया और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार करने को कहा गया, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।

अंत में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य नीट (यूजी)-2026 परीक्षा का निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

Related Post