Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

चाईबासा के पुराने विप्पणी भवन के दुकानदारों को एक सप्ताह में दुकान खाली करने का निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत जिला परिषद कार्यालय चाईबासा में पुराने विप्पणी भवन के दुकानदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने की।

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, जिला अभियंता, आय-व्यय शाखा के कर्मी, लेखापाल, कनीय अभियंता, जिला परिषद के अन्य कर्मी और पुराने विप्पणी भवन के दुकानदार मौजूद रहे। बैठक में पुराने विप्पणी भवन की जर्जर स्थिति और आने वाले बरसात के मौसम में संभावित खतरे को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी दुकानदार एक सप्ताह के अंदर अपनी-अपनी दुकानें खाली कर दें और अपनी सामग्री को सुरक्षित स्थान पर हटा लें।

उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने दुकानदारों को संबोधित करते हुए कहा कि बरसात के दौरान तेज आंधी, भारी बारिश या अन्य कारणों से जर्जर भवन को नुकसान पहुंचने की संभावना बनी हुई है। इससे जान-माल की क्षति का खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद भी दुकान खाली नहीं करने वाले दुकानदार किसी भी स्थिति के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में विभाग से आवश्यक आवंटन मिलने के बाद उक्त स्थल पर नया और आधुनिक विप्पणी भवन का निर्माण कराया जाएगा। नए भवन के निर्माण के बाद वर्तमान में दुकान चला रहे वैसे दुकानदारों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा, जिनका किराया बकाया नहीं होगा।

जिला परिषद प्रशासन ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए तय समय सीमा के अंदर भवन खाली करने में सहयोग करें।

Related Post