जमशेदपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में शुक्रवार को 340 परिवारों को उनके नए आशियाने की चाबी सौंपी गई। वर्षों से अपने घर का सपना संजोए लाभुकों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं रहा। नए आवास में प्रवेश करते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
गृह प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराई।
मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित राशि जमा कर आवंटन की शर्तें पूरी कर ली थीं, जिसके बाद उन्हें पहले चरण में फ्लैट की चाबी प्रदान की गई। बाकी पात्र लाभुकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अगले चरण में आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
यह आवासीय परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू की गई थी। निर्माण प्रक्रिया में विभिन्न कारणों से विलंब हुआ, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद इसका लाभ लोगों तक पहुंचने लगा है। योजना के तहत तैयार किए गए आवास निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर उपलब्ध कराए गए हैं।
चाबी मिलने के बाद कई लाभुकों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में रह रहे थे और खुद के घर का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना की बदौलत अब उन्हें स्थायी आवास मिल सका है। उन्होंने कहा कि अपना घर मिलने से न केवल आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन भी मिलेगा।
गृह प्रवेश के दौरान कई परिवारों ने अपने नए घरों में पूजा-पाठ कर नई जिंदगी की शुरुआत की। लाभुकों ने इस योजना के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है।

