Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

चोरी के आरोप में युवक को पकड़ ग्रामीणों ने पहनाए महिला कपड़े, पिटाई करते हुए गांव में घुमाने के बाद पुलिस को सौंपा

रांची। ओरमांझी थाना क्षेत्र के झिरी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने एक युवक को कथित रूप से चोरी के जेवरात के साथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने युवक को महिला परिधान पहनाकर पिटाई करते हुए पूरे गांव में घुमाया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, झिरी गांव निवासी 25 वर्षीय श्रवण पाहन पर गांव की निवासी सीता देवी के घर से चांदी के जेवरात चोरी करने का आरोप है। सीता देवी ने गुरुवार सुबह अपने घर के बक्से का ताला टूटा पाया। जांच करने पर उसमें रखे चांदी के आभूषण गायब मिले। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।जा

ग्रामीणों ने कुछ घंटों बाद श्रवण पाहन को गंगुटोली क्षेत्र से पकड़ लिया। ग्रामीणों का दावा है कि उसके पास से चोरी गए जेवरात भी बरामद किए गए। इसके बाद गांव के लोगों का गुस्सा भड़क उठा। महिलाओं और ग्रामीणों ने आरोपी को महिला कपड़े पहनाए और पूरे गांव में घुमाकर विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। आरोपी के साथ मारपीट किए जाने की भी चर्चा है।

ग्राम प्रधान रामकिशन मुंडा ने बताया कि श्रवण पाहन पर इससे पहले भी गांव में कई चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह नकदी और जेवरात के अलावा महिलाओं एवं बच्चों के कपड़े तक चोरी कर लेता था, जिससे लोगों में लंबे समय से नाराजगी थी।

सूचना मिलने पर ओरमांझी थाना पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए।

Related Post