चान्हो :* चान्हो प्रखंड अंतर्गत कुल्लू गांव में शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे हाथियों के झुंड ने एक किसान की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, 15 से 20 हाथियों का झुंड गांव के आसपास पहुंचा, जहां खेदुवा उरांव (पिता – मंगरू उरांव) को हाथियों ने कुचल दिया। घटना में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों के झुंड को तत्काल आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर जंगल की ओर भेजा जाए, ताकि आगे कोई और जनहानि न हो। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की भी मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की।
इस सहायता राशि को दिलाने में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष मकबूल अहमद आजाद एवं चान्हो प्रखंड उपाध्यक्ष इमरान अंसारी की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान इमरान अंसारी ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि मृतक खेदुवा उरांव के परिवार को शीघ्र सरकारी प्रावधानों के अनुसार पूर्ण मुआवजा, आश्रित को सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि हाथियों के झुंड को जल्द नहीं हटाया गया तो क्षेत्र में जनजीवन और खेती-किसानी पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।

