Breaking
Tue. Jun 16th, 2026

मिर्जाडीह में कौशल विकास की नई पहल, 50 महिलाओं को मिला सिलाई प्रशिक्षण प्रमाण पत्र

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड स्थित मिर्जाडीह गांव में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का समापन हुआ। एसटीपी बर्जर ग्रुप की ओर से आयोजित 60 दिवसीय नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर मंगलवार को 50 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समापन समारोह में एसटीपी के एचआर प्रतिनिधि प्रणाब बूटे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाण पत्र सौंपते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने हुनर के बल पर स्वरोजगार से जुड़ती हैं तो इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं सिलाई-कढ़ाई के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाशकर अपनी आय बढ़ाने में सफल होंगी। कार्यक्रम में सुभाशीष भट्टाचार्य की भी उपस्थिति रही।

इस आयोजन को सफल बनाने में शभा, रानीला, समिता और नीलमनी समेत कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने एसटीपी बर्जर ग्रुप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करते हैं और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं।

समारोह का समापन प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Related Post