Breaking
Tue. Jun 16th, 2026

एनएच-33 पर ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

चौका। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक ट्रक चालक की अचानक मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना दिनाई गांव स्थित जिओ पेट्रोल पंप के समीप की है, जहां लंबी दूरी का मालवाहक ट्रक लेकर जा रहे चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तमिलनाडु के सेलम जिला निवासी विजयकुमार एस के रूप में हुई है। वह एक मालवाहक ट्रक लेकर तमिलनाडु से हजारीबाग की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब उनका ट्रक चौका थाना क्षेत्र के दिनाई गांव स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। चालक की स्थिति बिगड़ते देख ट्रक के खलासी और आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से विजयकुमार को तत्काल चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही ट्रांसपोर्ट कर्मियों और अन्य वाहन चालकों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को ट्रक के खलासी के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे मृतक के परिजनों तक पहुंचाया जा सके। घटना की सूचना मृतक के परिवार को भी दे दी गई है।

बताया जाता है कि विजयकुमार एस तमिलनाडु के सेलम जिले के थम्ममपट्टी थाना क्षेत्र स्थित कोक्कन काडु गांव के रहने वाले थे और पेशे से ट्रक चालक थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि चालक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।

Related Post