Breaking
Mon. Jun 15th, 2026

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एंटी ड्रग्स अभियान, ग्रामीणों ने नशा छोड़ने का लिया संकल्प

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत बड़ा गूंटिया में 15 जून 2026 को एंटी ड्रग्स अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने किया। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों को “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” का संदेश दिया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने ग्रामीणों को बताया कि ड्रग्स और नशीली दवाइयों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

ग्रामीणों को यह भी निर्देश दिया गया कि ड्रग्स या नशीली दवाइयों की खरीद-बिक्री, सेवन या परिवहन करने वाले किसी भी व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस मौके पर पंचायत बड़ा गूंटिया के मुखिया गुरुचरण हेंब्रम, जेएसपीएस की महिला समूह की सदस्य, ग्रामीण डकुवा सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण मौजूद थे। उपस्थित ग्रामीणों ने अभियान का समर्थन करते हुए नशे के खिलाफ जोरदार नारे लगाए और नशे का बहिष्कार करने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद भी हुआ, जिसमें समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके।

Related Post