चतरा : चतरा में मौसम के बदले मिजाज के बीच एक बड़ा हादसा हो गया है। तेज आंधी, गर्जन और जोरदार बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।घटना सदर थाना क्षेत्र के डीसी ऑफिस के पीछे स्थित इको पार्क की है। बेरियों गांव की रहने वाली मृतका गीता देवी अपने पति प्रभु गंझू के साथ बालूमाथ के ठेकेदार प्रदीप यादव के मातहत पार्क में काम कर रही थी। तभी अचानक तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी और गीता देवी उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद रोते-बिलखते पति प्रभु गंझू ने जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि अविलंब देने की मांग की है।
चतरा में आंधी-बारिश के साथ आकाशीय बिजली का कहर; इको पार्क में कार्यरत महिला मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग

