Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

चतरा में 12.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, सरगना अजीत का है लंबा आपराधिक इतिहास

चतरा : चतरा पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने सदर थाना क्षेत्र के बाबा घाट मैदान स्थित एक अर्धनिर्मित खंडहर में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए चार शातिर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन और सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कल शाम यह बड़ी कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से कुल 12.12 ग्राम ब्राउन शुगर और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पकड़े गए तस्करों में देवरिया निवासी अजीत पांडेय और लौकेश कुमार, बिंड मुहल्ला निवासी मो० इरफान तथा चुड़ीहार मुहल्ला निवासी मो० एजाज शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से मुख्य सरगना अजीत पांडेय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कुल सात मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा लौकेश कुमार और मो० इरफान भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ सदर थाना कांड संख्या 236/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

Related Post