Breaking
Sat. Jun 13th, 2026

-रजरप्पा मंदिर पुनर्विकास कार्य की समीक्षा, विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास में तेजी।। मंदिर पुनर्विकास पर प्रशासन सख्त, 254 दुकानों का होगा पारदर्शी लॉटरी से आवंटन।।

रामगढ़ के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा के पुनर्विकास और सुंदरीकरण कार्यों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में उपायुक्त ऋतुराज ने समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही परियोजना से प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास और नई दुकानों के आवंटन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

रामगढ़ में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा के पुनर्विकास, सुंदरीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में परियोजना के कारण विस्थापित हुए स्थानीय दुकानदारों के पुनर्वास पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ तथा चितरपुर और गोला के अंचल अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर चयनित भूमि पर दुकानों के निर्माण के लिए जल्द से जल्द मार्किंग और चिह्नीकरण का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

दुकानों के आवंटन को लेकर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कुल 254 दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विवादमुक्त रहे।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़, संबंधित अंचल अधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

Related Post