राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भीमखंदा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बोंगबोंगा नदी में डूबने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गम्हरिया पंचायत के सोलगड़िया गांव से महिलाएं और बच्चे पूजा-अर्चना के लिए भीमखंदा पहुंचे थे। पूजा के दौरान कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे। इसी बीच खेलते-खेलते एक चार वर्षीय बच्चा असंतुलित होकर नदी के गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद बच्चों ने जब उसे डूबते देखा तो तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय ग्रामीण तुरंत नदी की ओर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृत बच्चा धनबाद का रहने वाला था। वह गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी मां के साथ अपने मामा के घर सोलगड़िया गांव आया हुआ था। परिवार के लोग उसे लेकर भीमखंदा पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे, जहां यह दुखद हादसा हो गया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

