Breaking
Wed. Jun 17th, 2026

पलामू में सड़क हादसों का कहर, यूपी में चार की मौत तो मेदिनीनगर में ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार ने गंवाई जान

मेदिनीनगर: पलामू जिले के लिए शनिवार का दिन सड़क हादसों की दर्दनाक खबरें लेकर आया। एक ओर उत्तर प्रदेश में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में पलामू के चार लोगों की मौत हो गई, वहीं मेदिनीनगर में ट्रक की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार की जान चली गई। दोनों घटनाओं से जिले में शोक का माहौल है।

उत्तर प्रदेश के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के समीप कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पलामू के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सभी लोग डाल्टेनगंज से एक बारात में शामिल होने के लिए डेहरी गए थे। बारात से लौटने के दौरान वे किछौछा शरीफ से वापस अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मेदिनीनगर के चर्चित किताब घर के संचालक हाफिज रज्जाक, कैश अंसारी, शोहराब राईन और कार चालक शामिल हैं। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

इधर, मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा चौक के पास शनिवार सुबह एक और सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार रामरेखा पासवान को टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रामरेखा पासवान पोखराहा गांव के निवासी थे और किसी काम से स्कूटी से जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Related Post