Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

पेट्रोल पंपों पर चला ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ जागरूकता अभियान

चाईबासा: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार तथा मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और कृष्णा सोरेन ने संयुक्त रूप से जिले के दो पेट्रोल पंपों पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों की समीक्षा में यह पाया गया है कि जिले में होने वाली अधिकांश दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की भागीदारी अधिक है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल और स्कूटर चलाने वाले चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। केवल आईएसआई मार्क वाले प्रमाणित हेलमेट का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बिना लॉक किए या ढीले हेलमेट पहनने पर दुर्घटना के समय हेलमेट सिर से उतर सकता है, जिससे गंभीर चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है।

गौतम कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से घर से निकलते समय हेलमेट पहनने की आदत अपनाने का आग्रह किया।

अभियान के दौरान सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम को अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप के दोनों ओर की सड़क को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

परिवहन विभाग ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Related Post