Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: तीन थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मियों की मौत, खड़े ट्रक से टकराई कार

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखड्डा ढाला के समीप रात करीब ढाई बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले में पदस्थापित तीनों थानाध्यक्ष पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर एक ही कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति से चल रही थी, जिसके कारण टक्कर का प्रभाव अत्यंत गंभीर रहा।

हादसे में अरार थाना के थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थाना के थानाध्यक्ष नीरज कुमार तथा वाहन चालक ज्योतिष कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं रतवारा थाना के थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या चार हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। बाद में सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

मृतक थानाध्यक्षों में साजन कुमार पासवान कटिहार जिले के निवासी थे, जबकि ज्ञानेंद्र अमरेंद्र कैमूर और नीरज कुमार रोहतास जिले के डेहरी क्षेत्र के रहने वाले थे। चालक ज्योतिष कुमार मधेपुरा जिले का निवासी बताया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एक साथ तीन थानाध्यक्षों और चालक की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Post