Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

मेदिनीनगर में चलती ट्रेन से गिरकर वृद्ध महिला की मौत, छतरपुर की लक्ष्मी देवी के रूप में हुई पहचान

पलामू: मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के शांतिपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरकर 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद टीओपी-3 प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मृत महिला की पहचान बाद में छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटीन गांव निवासी लक्ष्मी देवी (65 वर्ष) के रूप में की गई। शुरुआती जांच के दौरान महिला के पास मौजूद सामान और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य मेदिनीनगर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय रेलवे ट्रैक के किनारे महिला का शव पड़ा हुआ देखा गया। आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान किसी कारणवश उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गईं। हालांकि यह हादसा कैसे हुआ, वह ट्रेन में कहां से सवार हुई थीं और किस ट्रेन से गिरने की घटना हुई, इसका स्पष्ट पता अभी नहीं चल सका है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही रेलवे और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में और अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Post