Breaking
Fri. Jun 5th, 2026

जमीनी विवाद में सुपारी देकर कराई गई थी संजय बोयपोई की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुईगांव निवासी संजय बोयपोई हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। शुक्रवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में साजिशकर्ता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 की रात करीब 12:10 बजे संजय बोयपोई अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 66/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर और थाना प्रभारी चक्रधरपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 4 जून को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश सोय (20 वर्ष), कप्तान होनहांगा उर्फ टाटा (31 वर्ष), गुने हिन्दु अंगरिया उर्फ मोटा (22 वर्ष), बुधू बोदरा (27 वर्ष) और बिजू चौधरी (31 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि मृतक संजय बोयपोई और बिजू चौधरी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। इसी कारण बिजू चौधरी ने अन्य आरोपियों को सुपारी देकर संजय बोयपोई की हत्या करवाई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, चार जिंदा गोली, दो मोटरसाइकिल (पल्सर एवं स्प्लेंडर) तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अवधेश कुमार, परमेश्वर उरांव, रंजीत उरांव, राजकिशोर तिवारी, बिरबल चौबे, दिलीप कुमार, शशिभूषण सामड, तकनीकी शाखा के चन्द्रशेखर और गंगाराम पुरती सहित चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार चन्दन कांडेयांग शामिल थे।

Related Post